बिल्थरारोड(बलिया) रेलवे स्टेशन चौराहा पर उस समय जाम की स्थिति पैदा हो गई जब लखनऊ से चलकर वाराणसी जाने वाली वाली 5008 कृषक एक्सप्रेस स्थानीय रेलवे स्टेशन पहुंची।
यात्रियों का रेला जब रेलवे चौराहा पहुंचा, उसी समय बेतरतीब चल रहे वाहनों से चौराहा जाम हो गया। इस दौरान वाहनों की लम्बी कतारें लग गई। मौके पर किसी सुरक्षकर्मी के मौजूद न रहने से जाम और बढ़ता गया। आखिर में आम नागरिकों ने मोर्चा संभाल कर वाहनों के आने-जाने के लिए रास्ता बनाया।
गुरुवार को लखनऊ से चलकर बिल्थरारोड रेलवे स्टेशन पहुंची कृषक एक्सप्रेस के यात्रियों को उस समय जाम का सामना करना पड़ा जब बेतरतीब चल रहे वाहनों के चलते रेलवे चौराहा जाम हो गया। इस दौरान दूर-दराज से आए यात्री जहां अपने घरों को जाने के लिए उतावले नजर आए, वहीं इस जाम को समाप्त करने के लिए वहां न कोई पुलिस और न ही कोई प्रशासनिक व्यवस्था ही नजर आई।
जाम लगने के 45 मिनट बाद भी जब जाम स्थल पर पुलिस नहीं पहुंची तो आम नागरिकों ने मोर्चा सम्भालना शुरू किया। उन्होंने जाम में फंसे वाहनों को आगे-पीछे कराकर किसी तरह छोटी वाहनों को निकलने का रास्ता बनाया। इस दौरान बड़े वाहन भी जाम में फंसे हुए थे। इसी बीच उप जिला मजिस्ट्रेट की वाहन भी जाम में फंस गई।
कुछ देर इंतज़ार के बाद उपजिला मजिस्ट्रेट के वाहन के चालक व सुरक्षाकर्मी जाम समाप्त करने के लिए सक्रिय हुए, तब कहीं जाकर अन्य वाहन वहां से निकलना शुरू हुआ और धीरे-धीरे चौराहा खाली हुआ। जाम समाप्त होने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली।
रिपोर्ट :-- नीलेश कुमार






Social Plugin