स्वतंत्रविचार 24 (रिपोर्ट :-- ओम प्रकाश वर्मा)
झोलाछाप डाक्टरों की कट रही चांदी- जिम्मेदार बेपरवाह।
नगरा ( बलिया) : जिले के नगरा बाजार समेत चट्टी चौराहों पर झोलाछाप डॉक्टरों की भरमार है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी बेपरवाह बने हुए हैं। दुकानों में नीम हकीम मरीजों का इलाज कर रहे हैं। मरीज चाहे उल्टी, दस्त, खांसी, बुखार से पीड़ित हो या फिर अन्य कोई बीमारी से , सभी बीमारियों का इलाज यह झोलाछाप डॉक्टर करने को तैयार हो जाते हैं। मरीज की हालत बिगड़ती है तो उससे आनन फानन में मऊ या जिला अस्पताल बलिया भेज दिया जाता है। जबकि यह लापरवाही स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों की जानकारी में होती है । नगरा बाजार में सरकारी स्वास्थ्य सुविधाएं ठीक नहीं हैं। इसका फायदा सीधे तौर पर झोलाछाप डॉक्टर उठा रहे हैं। झोलाछाप चिकित्सकों द्वारा बिना पंजीयन के एलोपैथी चिकित्सा व्यवसाय ही नहीं किया जा रहा है बल्कि बिना ड्रग लाइसेंस के दवाओं का भंडारण व विक्रय भी अवैध रूप से किया जा रहा है। दुकानों के भीतर कार्टून में दवाओं का अवैध तरीके से भंडारण रहता है। नगरा बाजार में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कई सालों से अवैध रूप से चिकित्सा व्यवसाय कर रहे लोगों के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं की जा सकी है । इन दिनों मौसमी बीमारियों का कहर है। झोलाछाप डॉक्टरों की दुकानें मरीजों से भरी पड़ी हैं। नगरा सिकंदरपुर मार्ग का भीटकुना मोड व गडवार रोड झोलाछाप डाक्टरों का हब बन चुका है। गर्मी व तपन बढ़ने के कारण इन दिनो उल्टी, दस्त, बुखार जैसी बीमारियां ज्यादा पनप रही हैं। झोलाछाप इन मर्जों का इलाज ग्लूकोज की बोतलें लगाने से शुरू करते हैं। एक बोतल चढ़ाने के लिए इनकी फीस 100 से 200 रुपए तक होती है। बीते कुछ वर्षों से फर्जी डिग्रीधारी डॉक्टरों की वृद्धि हुई है। ग्रामीण क्षेत्र में कोई मात्र फर्स्ट एड के डिग्रीधारी हैं तो कोई अपने आप को बवासीर या दंत चिकित्सक बता रहा है लेकिन इनके निजी क्लीनिकों में लगभग सभी गंभीर बीमारियों का इलाज धड़ल्ले से किया जा रहा है। कुछ डॉक्टरों ने तो अपनी क्लिनिक में ही ब्लड जांच, यूरीन जांच इत्यादि की सुविधा भी कर रखी है। लोगो ने खोला छाप डाक्टरों पर जांच कर कार्रवाई की मांग किया है।
इस बावत सीएचसी के प्रभारी अधीक्षक डा . एसके गुप्त का कहना है कि झोलाछाप चिकित्सकों की जांच के लिए सीएमओ द्वारा जनपद स्तर पर नोडल अधिकारी की तैनाती की गई है। यदि वह टीम नगरा आती है तो हम अपने स्तर से सहयोग करेगें।







Social Plugin