Ad Code

Responsive Advertisement

विपणन केंद्र पर गेहूं खरीदारी की गति धीमी, खड़ी है दो दर्जन ट्रालियां

 



नगरा,बलिया।। विकास खंड नगरा में गेहूं की खरीदारी हेतु कुल आठ क्रय केंद्र बनाए गए है। बावजूद किसान अपना गेहूं बेचने के लिए दर दर भटक रहे है। कही बोरे की कमी तो कही गोदाम का भर जाना, कही धीमी गति से खरीदारी गेहूं खरीद में बाधा बनी हुई है। वही बिचौलियों की चांदी कट रही है। किसानों का आरोप है कि एजेंसियां बिचौलियों से है खरीदारी कर रही है। विपणन केंद्र पर खरीदारी की गति अत्यंत धीमी होने के चलते एक सप्ताह से दो दर्जन गेहूं लदी ट्रालियां खड़ी है।अफसर भी खरीदारी के प्रति गम्भीर नहीं है। ऐसा लगता है कि अफसर किसानों की गेहूं के लूट खसोट में शामिल है।
               विकास खंड नगरा में खाद्य विभाग के दो केंद्र नगरा व कमरौली तथा पीसीएफ के नगरा, डिहवा, खारी, लहसनी, सिकंदरापुर, जुड़नपुर छः क्रय केंद्र बनाए गए है। बावजूद किसान अपना गेहूं बेचने के लिए दर दर भटक रहे है और किसानों के गेहूं की खरीद नहीं हो रही है। किसान अपना गेहूं बिचौलियों को 15 सौ रुपए प्रति कुंतल बेचने पर विवश है। किसान कर्ज के बोझ से दबा हुआ है और बैंकों से जो किसान कर्ज लिए है, चुकाना चाहते है।

 क्योंकि मूल धन से अधिक बैंको का ब्याज किसानों के लिए सिरदर्द बना रहता है। किसानों के शादी विवाह आदि कार्यक्रम भी है। ऐसे में किसान गेहूं बेंचकर शादी का कार्यक्रम निपटाना चाहते है। साधन सहकारी समिति लहसनी के सचिव सुनील कुमार सिंह ने बताया कि बोर के अभाव में खरीदारी 12 दिनों से ठप है। कुल 1114 कुंतल खरीदारी हुई है। इसी प्रकार साधन सहकारी समिति नगरा के जगदीश सिंह ने बताया कि कुल 29 किसानों से 1760 कुंतल गेहूं की खरीदारी की गई है। केंद्र पर बोरा उपलब्ध नहीं है।

 इसलिए खरीदारी बन्द है। केंद्र पर बोरा उपलब्ध न होने का नोटिस भी चस्पा कर दिया गया है। विपणन केंद्र नगरा पर दो दर्जन से उपर गेहूं लदी ट्रालिया सड़क के दोनों तरफ खड़ी है। खरीदारी की गति काफी धीमी है। किसानों का कहना है कि विपणन केंद्र पर कई कई दिन से हम लोगो की गेहूं लदी ट्रालियां खड़ी है। कब खरीदारी होगी, कुछ पता नहीं है। एक किसान ने कहा कि विपणन केंद्र पर एक सप्ताह से ट्रालियां खड़ी है वहीं बिचौलियों की गेहूं लदी ट्राली सीधे गोदाम में जाकर खाली हो रही है।विपणन निरीक्षक दानिश खान ने बताया कि 118 किसानों का 6800 कुंतल गेहूं की खरीदारी हुई है।