Ad Code

Responsive Advertisement

ब्लैक फंगस से बचने के लिए बरतें विशेष सावधानी - मुख्य चिकित्सा अधिकारी







 






 कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वालों को रखना होगा ख़ास ख्याल 

बलिया, 26 मई 2021

ऐसे कोरोना पॉज़िटिव व्यक्ति जिनका शुगर कंट्रोल नहीं रहता। कैंसर का भी उपचार करा रहे हों या अन्य किसी रोग के लिए स्टेरॉयड या एंटीबायोटिक दवा का ज्यादा मात्रा में सेवन कर रहे हों या फिर ऑक्सीजन सपोर्ट पर हों, उन्हें ब्लैक फंगस का ज्यादा खतरा रहता है। इससे बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है, यह कहना है मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेन्द्र प्रसाद का । 

डॉ० प्रसाद ने बताया कि म्यूकर माइकोसिस इंफेक्शन अर्थात ब्लैक फंगस दुर्लभ बीमारी है। यह एक से दूसरे व्यक्ति में नहीं फैलती हैं। लेकिन ऐसे मरीज जिन्हें पूर्व से कैंसर, डायबिटीज, हृदय रोगियों, अस्थमा और टीबी के साथ ही साथ कोरोना की बीमारी है, तो उन्हें ब्लैक फंगस की बीमारी से ज्यादा जागरूक रहने की आवश्यकता है, क्योंकि कमजोर इम्युनिटी (रोग प्रतिरोधक क्षमता) वाले लोगों को इस ब्लैक फंगस बीमारी से अधिक खतरा है। उन्होंने बताया कि ब्लैक फंगस मरीज के दिमाग, फेफड़े, स्किन पर सीधे अटैक करता है और आंखों की रोशनी तक इस रोग के कारण जा सकती है। ऐसे में मरीज को यदि किसी भी रूप से दांत दर्द, दांत टूटना, जबड़ो में दर्द, धुंधला दिखना, सांस में परेशानी होना या आंखें लाल होना सहित पलकों पर सूजन दिखाई देती है तो तुरन्त नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर जाकर चिकित्सक से जांच करवाते हुए सजगता बरतकर बचाव का सशक्त माध्यम अपनाएं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि यदि किसी भी व्यक्ति को इस प्रकार की बीमारी के लक्षण महसूस होते हैं । तो वह तुरन्त स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों से संपर्क करें ताकि समय रहते इसका इलाज संभव हो सके।

ब्लैक फंगस संक्रमण होने के लक्षण:-

- नाक से काला द्रव या खून की पपड़ी निकलना ।

- नाक का बंद होना ।

- सिरदर्द या आंखों में दर्द ।

- आंखों के आसपास सूजन आना, धूंधला दिखना, आंखे लाल होना, आंखों की रोशनी जाना, आंख खोलने और बंद करने में परेशानी महसूस करना ।

- चेहरा सुन्न हो जाना, चेहरे में झुरझुरी महसूस करना ।

- मुंह खोलने या किसी चीज को चबाने में परेशानी होना ।

ब्लैक फंगस से बचने के उपाय -

- ब्लैक फंगस के लक्षण जांचने के लिए लगातार अपने चेहरे का निरीक्षण करते रहें और देखते रहें कि चेहरे पर कोई सूजन (खासकर नाक, आंख या गाल पर) तो नहीं है या फिर किसी भाग को छूने पर दर्द तो नही हो रहा है । इसके अलावा अगर दांत गिर रहे हों या मुंह के अंदर सूजन तथा काला भाग दिखे तो सतर्क रहें । 

- डॉक्टर की सलाह के अनुसार लगातार उपचार करवाएं । अपने आप किसी भी तरह की दवा का सेवन न करें ।

- ब्लड शुगर को कंट्रोल में रखने का पूरा प्रयास करें ।

- किसी अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रसित हों तो उनकी दवाई का लगातार सेवन करते रहें ।

- किसी निर्माणाधीन इलाके में जाने पर मास्क पहनें, बगीचे में जाएं तो पैंट, फुल आस्तीन शर्ट व ग्लब्स पहनें ।