दुबहड़ (बलिया) स्थानीय थाना अंतर्गत जनेश्वर मिश्रा सेतु एप्रोच मार्ग पर गुरुवार की सुबह गंगा स्नान करने जा रहे एक व्यक्ति की कार एक्सीडेंट में मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची दुबहड़ पुलिस ने शव का पंचनामा कर जिला चिकित्सालय पहुंचवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवपुर दियर नई बस्ती बेयासी निवासी सुदामा यादव उर्फ डिहू पुत्र लक्षु यादव- 61 वर्ष कार्तिक महात्म्य गंगा स्नान के लिए एनएच 31 से जनेश्वर मिश्रा सेतु एप्रोच मार्ग होते हुए गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। अभी वह जनाड़ी, चकिया के बारी चौराहे के आगे ही पहुंचे थे कि बलिया की तरफ से जनेश्वर मिश्रा सेतु की तरफ जा रही स्विफ्ट डिजायर गाड़ी यूपी 40 एफ 1540 ने उन्हें पीछे से धक्का मार दिया। धक्का लगते ही वह वहीं गिरकर छटपटाने लगे। उन्हें छटपटाते देख आस पास के लोग दौड़कर आए। इसी बीच किसी ने घटना की जानकारी दुबहड़ पुलिस को फोन द्वारा सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे दुबहड़ थानाध्यक्ष आर.के. सिंह मयफोर्स पहुंच कर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए बलिया जिला चिकित्सालय भिजवाया। धक्का मारने के बाद ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार हो गया और जनेश्वर मिश्रा सेतु के उस पार जाकर कोतवाली थाना क्षेत्र में खाई में पलट गया।खाई में ही पलटी हुई गाड़ी छोड़कर ड्राइवर फरार हो गया। इधर घटना की सूचना पाकर परिवार के लोग दहाड़े मार कर रोने लगे एवं गांव में कोहराम मच गया।
रिपोर्ट :-- संदीप कुमार गुप्ता






Social Plugin