बलिया। 27 अप्रैल 2021
जनपद में मंगलवार को 19 केंद्रों पर 46 सत्र लगाकर 2400 लोगो का टीकाकरण किया गया |
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० सुधीर कुमार तिवारी ने बताया की मंगलवार को 19 केंद्रों पर 46 सत्र लगाकर 2400 लोगों ने टीका लगवाया । जिले के 45 वर्ष से अधिक आयु के 1241 लोगों को टीके की पहली डोज दी गयी। साथ ही 1159 बुजुर्ग और गंभीर रोग से ग्रसित लोगों को टीके की दूसरी डोज दी गयी। लोग टीकाकरण को लेकर उत्साहित दिखे। टीका लगवाने के लिए लोगों का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ महसूस हो रहा है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण के लिए ऑनलाइन कोविन पोर्टल 2.0 पर अपना रजिस्ट्रेशन करके लाभार्थी इच्छुक दिनांक के लिए टीकाकरण की अपॉइंटमेंट ले सकता है। इसके अलावा टीकाकरण केंद्र पर भी रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ड़ॉ० तिवारी ने सभी पात्र लाभार्थियों से अपील की है की कोरोना की दूसरी लहर से खुद को व समाज को सुरक्षित रखने के लिए अपने पास के टीकाकरण केन्द्र पर जाकर जल्द से जल्द अपना कोरोना टीकाकरण करवा लें | सभी सरकारी कोरोना टीकाकरण केन्द्रों पर यह टीका पूरी तरह नि:शुल्क है |
उन्होंने बताया कि टीकाकरण की दोनों डोज़ लें और कोरोना की दूसरी लहर से बचने के लिए कोरोना के नियमों का पालन करते रहे | मास्क सैनीटाइज़र, सामाजिक दूरी का पालन ज़रूर करें।







Social Plugin