बलिया। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा गुरुवार से शुरू हो गई। सुबह से स्कूलों के बाहर परीक्षार्थी जुटने लगे थे। सुबह के 8 बजे से एग्जाम शुरू हुआ। इससे पहले परीक्षार्थियों की मुख्य गेट पर सघन तलाशी ली गई। बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासनिक और शिक्षा विभाग पूरी तरह से अलर्ट दिखा। जिले में करीब 211 केंद्र बनाए गए हैं। इसकी वेब कास्टिंग के जरिए मॉनिटरिंग के लिए विकास भवन में कंट्रोल यूनिट स्थापित किया गया है। जिले में यूपी बोर्ड की परीक्षा में कुल एक लाख 40 हजार 925 छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं। इसमें हाईस्कूल के 75 हजार 654 और इंटर के 60 हजार 807 संस्थागत छात्र-छात्राएं हैं। इनके अलावा हाईस्कूल में 517 और इंटरमीडिएट में 2,747 व्यक्तिगत परीक्षार्थी हैं। अधिकारियों का कहना है, बोर्ड परीक्षा की निगरानी के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग के 12 और जनपद स्तरीय अधिकारियों के 6 सचल दल बनाए गए हैं। यह दल केंद्रों पर पहुंचकर बोर्ड परीक्षा की निगरानी करेंगे। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए जिला प्रशासन सहित पुलिस विभाग भी सक्रिय है। गुरुवार को राजकीय इंटर कालेज बलिया में क्षेत्राधिकारी नगर भूषण वर्मा ने नवागत प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रवीण कुमार सिंह संग कालेज का जायजा लिया और कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा कराने के लिए पुलिस विभाग मुस्तैद है।
रिपोर्ट :-- अहमद हुसैन उर्फ जमाल आलम







Social Plugin