नरहीं (बलिया)। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में नरहीं में आयोजित अखिल भारतीय आमंत्रण प्राइजमनी पुरूष फुटबाल प्रतियोगिता के चौथे दिन सीआरपीएफ जालंधर व सीएजी दिल्ली ने रोमांचक मुकाबले जीते । रविवार को पहला मुकाबला यूनाइटेड क्लब सीवान व पंजाब पुलिस के मध्य होगा वहीं दूसरे मैच में सीएजी दिल्ली व कस्टम मुम्बई की टीमें आमने सामने होंगी ।
शनिवार को पहला मुकाबला सीआरपीएफ जालंधर व उड़ीसा के मध्य खेला गया । मैच में वरिष्ठ समाजसेवी सुरेंद्र नाथ राय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया । अत्यंत रोचक व संघर्षपूर्ण मुकाबले में एकमात्र गोल मैच के 26वें मिनट में सीआरपीएफ जालंधर के लिए ए. अमुमाचा ने किया । इसके बाद उड़ीसा ने लगातार आक्रमण बनाये रखा लेकिन गोल करने में सफलता हाथ ना लग सकी और अन्ततः सीआरपीएफ जालंधर 1-0 से विजयी रही । पहले मैच में रेफरी की भूमिका अनिल गुलिया, असिस्टेंट रेफरी प्रसोनजीत मण्डल व संजय राॅय ने निभायी । रेफरी एसेसर की भूमिका में अब्दुल हनीफ रहे ।
दूसरा मैच सीएजी दिल्ली व चांदनी क्लब कोलकात्ता के मध्य हुआ । मैच में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के डीन प्रोफेसर विनय कुमार सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया । मैच का पहला गोल सीएजी दिल्ली के असरूद्दीन ने 14वें मिनट में किया । दीपांकर सरकार ने पेनाल्टी मिलने का लाभ उठाते हुए 57वें मिनट में कोलकात्ता का खाता खोला और मैच एक एक की बराबरी पर जा पहुंचा ।आखिरी मिनट में सीएजी के मुमताज ने बेहतरीन गोल कर सीएजी दिल्ली को 2-1 से विजय दिला दी । दूसरे मैच में रेफरी किशोर गंगाराम चौधरी, असिस्टेंट रेफरी मोहम्मद इस्माइल खान व सुनील टोपो ने निभायी ।
समस्त आगन्तुकों का स्वागत व धन्यवाद ज्ञापन क्रीड़ाधिकारी डाॅ अतुल सिन्हा ने व संचालन नीरज राय ने किया । इस दौरान उपक्रीड़ाधिकारी अजय प्रताप साहू, मुकेश सबरवाल, पवन कुमार राय, अरविंद कुमार सिंह, रामनारायण पासवान, विनय राय, अजय राय, अनूप राय, अमल कुंवर, शिवम राय, प्रदीप कुमार, अवनीश राय, संतोष राय, मोहम्मद शोएब आदि उपस्थित रहे । प्रतियोगिता का फाइनल 28 दिसंबर को खेला जाएगा ।
रिपोर्ट :-- ओम प्रकाश वर्मा






Social Plugin