नगरा (बलिया)। श्री राजनारायण महाविद्यालय, भीमपुरा नं दो ने शनिवार को सामुदायिक सेवा के अंतर्गत देर सायं तक चले कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं का गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किया। इसके अंतर्गत आँगनबाड़ी केंद्र भीमपुरा नंबर दो, पंडितपुरा, सुजनापुर एवं रनउपुर में पंजीकृत दस गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक किया गया और उन्हें सहयोग स्वरूप पोषण किट प्रदान किया गया। साथ ही 10 शिशुओं को खीर खिलाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ कृष्ण कुमार सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर, श्री बजरंग पी जी कालेज, दादर आश्रम एवं महाविद्यालय के प्रबंधक वेद प्रकाश सिंह ने माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ सिंह ने कहा कि महिला सशक्तिकरण एवं सामुदायिक सेवा के लक्ष्य को पाने में इस तरह के कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मानव सेवा के प्रति महाविद्यालय की संवेदनशीलता की प्रशंसा करते हुए उन्होंने इसे अन्य के लिए अनुकरणीय बताया।
महाविद्यालय के प्रबंधक वेद प्रकाश सिंह ने कहा कि मानव सेवा, विशेषकर जरूरतमंदों की सहायता से आत्मिक खुशी मिलती है। महिला सशक्तिकरण के लिए समाज को आगे आना चाहिए। आँगनबाड़ी कार्यकर्त्ती निर्मला, लीलावती, लालमुनि एवं उषा तथा आशा बहू विद्यावत्ती, लाभली, रीना एवं सरोज ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर महाविद्यालय के संस्थापक जयप्रकाश नारायण सिंह, राकेश कुमार सिंह, आलोक कुमार सिंह, उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका कृष्णा रानी सिंह ,प्राध्यापक भरतवीर सिंह, छट्ठू, अनिल कुमार सहित विद्यार्थी एवं गाँववासी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन बृजेश एवं धन्यवाद ज्ञापन महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ प्रिंसी सिंह ने किया। इस कार्यक्रम में शामिल महिलाएं एवं गाँववासी महाविद्यालय के इस आयोजन से काफी प्रसन्न दिखे।
रिपोर्ट :-- ओम प्रकाश वर्मा






Social Plugin