Ad Code

Responsive Advertisement

समारोहों में जाएं तो मास्क जरूर लगाएं - डॉ० तन्मय कक्कड़

 

भारी पड़ सकती है लापरवाही।


(बलिया),  शादी या अन्य किसी समारोह में जाने पर लोग मास्क की अनिवार्यता भूलने लगे हैं । इससे कोविड संक्रमण को एक बार फिर से अपनी जगह बनाने का मौका मिल सकता है । मास्क न केवल कोविड से बचाता है, बल्कि अन्य कई प्रकार के संक्रमण से भी रक्षा करता है। इसलिए जब भी बाहर निकलें तो मास्क अवश्य पहनें । यह कहना है मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० तन्मय कक्कड़ का ।
डॉ० तन्मय कक्कड़ ने कहा कि जिला कोविड मुक्त जरूर हुआ है लेकिन देश और प्रदेश अब भी पूरी तरह से कोविड मुक्त नहीं हुआ है । ऐसे में शादी-विवाह  व अन्य समारोहों में शामिल होने के लिए दूर-दराज से लोगों का आना-जाना हो रहा है जिससे संक्रमण फैलने की आशंका है । मौसम में बदलाव के साथ वायरल फीवर के मामले भी सामने आ रहे हैं । अगर लोग समारोहों में मास्क लगा कर मिलें तो दोनों प्रकार के संक्रमण से बचाव हो सकता है । मास्क लगाने से टीबी जैसी बीमारियों का भी संक्रमण नहीं फैलता है । उन्होंने  बताया कि लोग धुलने योग्य थ्री लेयर कपड़े का मास्क लगा सकते हैं और चाहें तो सर्जिकल मास्क का भी इस्तेमाल कर सकते हैं लेकिन सर्जिकल मास्क का इस्तेमाल एक दिन से ज्यादा नहीं करना चाहिए । डॉ० तन्मय कक्कड़ ने इस बात पर जोर दिया कि मास्क का इस्तेमाल सावधानी के साथ करना है । नाक और मुंह ढंका होना चाहिए । खाना खाते समय लोगों से दूरी बना कर मास्क उतारें और खाना खाने के बाद पुनः मास्क पहन लें । मास्क के ऊपरी भाग को नहीं छूना है । उन्होंने बताया कि कुछ समारोह में तो हैंडवॉश का इंतजाम रहता है लेकिन कुछ स्थानों पर यह प्रबंध नहीं रहता है । ऐसे में ढेर सारे लोग हाथ सिर्फ सादे पानी से धुल कर खाद्य पदार्थों का सेवन कर रहे हैं । यह ठीक नहीं  है। अगर किसी समारोह में जा रहे हैं तो एहतियातन हैंडवॉश या सेनेटाइजर साथ रख सकते हैं । हाथों को साबुन पानी से 40 सेकेंड तक धोने या फिर सेनेटाइज करने के बाद ही खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए ।


रिपोर्ट :-- मोo अहमद हुसैन उर्फ जमाल आलम