बेल्थरारोड (बलिया)। अखिल भारतीय मध्यदेशीय वैश्य सभा उत्तर प्रदेश के बीते रविवार को आजमगढ़ में हुए चुनाव में नगर पंचायत चेयरमैन दिनेश कुमार गुप्त को लगातार दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपे जाने पर नगर के मद्धेशिया समाज के लोगों में हर्ष व्याप्त है। प्रदेश के दो दर्जन जिलों से आए प्रतिनिधियों ने चेयरमैन गुप्त को दूसरी बार निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुना है। संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी प्रहलाद गुप्ता, पर्यवेक्षक हर्ष गुप्ता व चुनाव अधिकारी रंजीत गुप्ता ने संयुक्त रूप से नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा की। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद बेल्थरारोड आगमन पर मद्धेशिया समाज के लोगों ने चेयरमैन गुप्त का गर्मजोशी से स्वागत किया। साथ ही मिठाईयां बांट खुशी का इजहार किया। इस दौरान नारे लगाए गए। स्वागत से अभिभूत चेयरमैन गुप्त ने कहा कि जिस आशा और विश्वास के साथ मुझे प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है, उसे पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ निर्वहन के लिए पूरी शक्ति लगा दूंगा। उन्होंने समाज के लोगों के मान, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा का भरोसा दिलाते हुए सामाजिक विकास के लिए प्रतिबद्धता जताई तथा लोगों के स्नेह व सहयोग के प्रति साधुवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर आलोक गुप्ता, ओमप्रकाश गुप्त, मोहन मद्धेशिया गणेश गुप्त, अरुण गुप्त, मनोज गुप्त आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट :-- नीलेश कुमार







Social Plugin